कामरेड शोपत सिंह मक्कासर की 19वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

37

हनुमानगढ़। जन संघर्षों के महानायक और किसानों के अधिकारों के प्रबल समर्थक रहे कामरेड शोपत सिंह मक्कासर की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर लाल चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, किसान और मजदूर एकत्रित हुए और कामरेड शोपत सिंह को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
सभा में उपस्थित लोगों ने “शोपत सिंह अमर रहे” के नारों के साथ अपने नेता को याद किया। फूलों की वर्षा के बीच भावुक श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता और कामरेड शोपत सिंह के संघर्ष के साथी रामेश्वर वर्मा ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे गरीबों, किसानों और मजदूरों की आवाज थे। उन्होंने चार बार विधायक और सांसद के रूप में जनता की सेवा की और अपने जीवन को जनसंघर्षों को समर्पित कर दिया।
डॉ संजय माधो ने कहा कि कामरेड शोपत सिंह ने हमेशा अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने किसानों के हक और मजदूरों के सम्मान के लिए कई ऐतिहासिक आंदोलनों का नेतृत्व किया। उनकी जीवटता और संघर्षशीलता ने उन्हें किसानों और श्रमिकों के बीच एक प्रेरणा स्रोत बना दिया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के राज्य सचिव मंडल के सदस्य रघुवीर वर्मा ने कहा कि आज भी किसान, मजदूर और दलित समुदायों को प्रताड़ना और अन्याय का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में कामरेड शोपत सिंह के बताए गए संघर्ष के रास्ते पर चलकर ही इन समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे जनहित के मुद्दों के लिए एकजुट हों और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती दें।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।