हनुमानगढ़। गुरूवार को न्यायालय परिसर में वरिष्ठ अधिवक्ता स्व. विनोद ऐरन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर उनके पुत्र डॉ. भवानी सिंह ऐरन द्वारा आरओ फिल्टर वाटर कूलर स्थापित करने का कार्य आरंभ किया गया। इस वाटर कूलर के निर्माण की नींव जिला एवं सैशन न्यायधीश तनवीर चौधरी, बार संघ अध्यक्ष नरेंद्र माली, उपाध्यक्ष प्रतीक मिड्ढ़ा, सचिव प्रकाश रोझा, कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा, पुस्तकालय अध्यक्ष लोकेश शर्मा, चिकित्सक डॉ. भवानी सिंह ऐरन, वरिष्ठ अधिवक्ता जगदीश चिलाना, शंकर सोनी, राजेन्द्र मक्कासर, मनीष ऐरन, मोहित ऐरन, अनुज डोड़ा और अरविन्द बिश्नोई ने मिलकर रखी।
इस मौके पर जिला एवं सैशन न्यायधीश तनवीर चौधरी ने कहा कि अपने पिता की याद में न्यायालय परिसर में वाटर कूलर स्थापित करना बेहद पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि आने वाली गर्मी के मौसम में यह वाटर कूलर न्यायालय परिसर में आने वाले लोगों की प्यास बुझाएगा और उनके लिए एक बड़ी राहत का कारण बनेगा।
बार संघ अध्यक्ष नरेंद्र माली ने स्व. विनोद ऐरन की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे एक दबंग और सशक्त अधिवक्ता थे, जिन्होंने अपने कार्यकाल में न्यायपालिका की गरिमा को ऊंचा किया। उनके द्वारा किए गए कार्य और उनके व्यक्तित्व की छाप हमेशा लोगों के दिलों में बनी रहेगी। माली ने यह भी कहा कि उनके पुत्र डॉ. भवानी सिंह ऐरन का यह कार्य उनकी याद को चिरस्मरणीय बनाए रखने के लिए एक बेहतरीन कदम है।
डॉ. भवानी सिंह ऐरन ने कहा कि उनके पिता का हमेशा यह मानना था कि किसी भी समाज में जो लोग न्याय के लिए संघर्ष करते हैं, उनका सम्मान किया जाना चाहिए। इस वाटर कूलर के माध्यम से वे अपने पिता को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता जगदीश चिलाना, शंकर सोनी, राजेन्द्र मक्कासर और अरविन्द बिश्नोई ने भी अपनी शुभकामनाएं दी और इस पुण्य कार्य की सराहना की। सभी ने इस पहल को न्यायालय परिसर में सभी के लिए एक उपयोगी और सकारात्मक कदम बताया।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।