आत्मरक्षा एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता शिविर का समापन

38

हनुमानगढ़। अग्रवाल समाज समिति महिला विंग द्वारा आयोजित सात दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता शिविर का सोमवार को समारोहपूर्वक समापन हुआ। इस शिविर का उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाना और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना था।
समापन कार्यक्रम में विधायक गणेश राज बंसल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक नीलम चौधरी, सीओ सिटी मीनाक्षी, निवर्तमान सभापति सुमित रणवा, प्राइवेट कॉलेज संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय, पूर्व पार्षद देवेंद्र अग्रवाल, साइबर एक्सपर्ट डॉक्टर केंद्र प्रताप, वाहेगुरु सिंह, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला विंग की अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने की।
समापन समारोह में छात्राओं ने पूरे सप्ताह में सीखे गए आत्मरक्षा के विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षकों द्वारा छात्राओं को कराटे, किकबॉक्सिंग, पंचिंग और बेसिक सेल्फ डिफेंस टेक्निक्स सिखाई गईं, जिससे वे किसी भी अनजान परिस्थिति में अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें। छात्राओं ने दिखाया कि वे विपरीत परिस्थितियों में बिना किसी डर के आत्मरक्षा कर सकती हैं। इसके साथ ही, साइबर एक्सपर्ट्स ने साइबर सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने साइबर अपराधों जैसे कि ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, फिशिंग अटैक, बैंकिंग फ्रॉड आदि से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा दोनों ही अत्यंत महत्वपूर्ण विषय हैं। लड़कियों को आत्मरक्षा के गुर आना चाहिए, जिससे वे किसी भी स्थिति में अपनी रक्षा कर सकें। साथ ही, इंटरनेट और डिजिटल दुनिया में बढ़ते साइबर क्राइम को रोकने के लिए जागरूकता बहुत जरूरी है।
अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक नीलम चौधरी ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण मिलना बहुत आवश्यक है। यह प्रशिक्षण उन्हें न केवल आत्मनिर्भर बनाएगा बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाएगा। उन्होंने साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को निशाना बनाते हैं, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है।
सीओ सिटी मीनाक्षी ने भी कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाने के लिए इस तरह के शिविरों का आयोजन बेहद सराहनीय कदम है। उन्होंने छात्राओं को साइबर अपराध से बचने के लिए सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तुरंत सूचना देने की सलाह दी।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।