गोमाता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने के लिए संजय पहलवान की यात्रा धोलीपाल पहुंची

39

हनुमानगढ़। गोमाता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने के लिए देसी टार्जन के नाम से प्रसिद्ध संजय पहलवान द्वारा चलाई जा रही भारत दर्शन सपाटे यात्रा शुक्रवार को हनुमानगढ़ जिले के गांव धोलीपाल स्थित गौ रक्षा दल गोधाम चिकित्सालय पहुंची। इस यात्रा का नगर के धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और उनकी मुहिम की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
संजय पहलवान ने कार्यक्रम में उपस्थित गौभक्तों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि गाय भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि उनकी इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य गाय को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के लिए जनजागृति फैलाना है। इस अभियान के तहत वे देशभर के विभिन्न जिलों, गांवों और ढाणियों में जाकर लोगों को गोसंरक्षण और गोसेवा का महत्व समझा रहे हैं।
संजय पहलवान ने कहा कि गाय न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि पर्यावरणीय, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी कारणों से भी इसकी रक्षा आवश्यक है। गाय के संरक्षण से जैविक खेती को बढ़ावा मिलेगा, जिससे रासायनिक खाद और कीटनाशकों पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने यह भी बताया कि पंचगव्य चिकित्सा में गाय के दूध, घी, मूत्र और गोबर के उपयोग से अनेक रोगों का इलाज संभव है।
गौ रक्षा दल गोधाम चिकित्सालय में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने संजय पहलवान की इस मुहिम का समर्थन करते हुए कहा कि गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिए जाने से इसके प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी और गोहत्या तथा गोवंश पर हो रहे अत्याचारों पर रोक लगाई जा सकेगी।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।