हनुमानगढ़। 24 मार्च 2025 को हनुमानगढ़ के भारत माता चौक पर ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन और अन्य सड़क परिवहन संघों द्वारा चक्का जाम किया गया। इस प्रदर्शन में विभिन्न संगठनों के सदस्य शामिल हुए, जिनमें सीटू के जिला अध्यक्ष कामरेड आत्मा सिंह, कामरेड रामेश्वर वर्मा, ट्रांसपोर्ट इंचार्ज बसंत सिंह, रघुवीर वर्मा, बलदेव सिंह मक्कासर, सीटू जिला महासचिव शेर सिंह शाक्य, बहादुर सिंह चौहान और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे। इस चक्का जाम का उद्देश्य सड़क परिवहन क्षेत्र की रक्षा और कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग करना था।
सड़क परिवहन मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रदर्शनकारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई। इन संघों ने आरोप लगाया कि भारत सरकार की गलत नीतियों के कारण सड़क परिवहन क्षेत्र गंभीर वित्तीय संकट से गुजर रहा है, जिससे कर्मचारियों की स्थिति दयनीय होती जा रही है। रोडवेज उद्योग, जो राज्य का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक क्षेत्र है, भी इन नीतियों के चलते संकट में है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राज्य सरकार के कदमों से रोडवेज उद्योग को निजी क्षेत्र की ओर धकेला जा रहा है, जिससे इसका अस्तित्व खतरे में पड़ गया है।
प्रदर्शन में कई प्रमुख मांगें की गई, जिनमें रोडवेज उद्योग के लिए राज्य सरकार से वित्तीय सहायता की मांग प्रमुख थी। संघों ने मांग की कि पुरानी बसों के स्थान पर 2500 नई बसें खरीदने के लिए राज्य सरकार अनुदान प्रदान करे। साथ ही, रोडवेज के विभिन्न वर्गों में 11500 रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की जाए। अनुबंधित कर्मचारियों को नियमित करने की भी मांग की गई।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।