श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन

68

हनुमानगढ़ टाउन के सूर्य नगर, गली नंबर 2, वार्ड नंबर 32 स्थित सामुदायिक केंद्र में सर्व सिद्धि राधा कृष्ण मंदिर समिति द्वारा भव्य श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 20 मार्च 2025 से 27 मार्च 2025 तक प्रतिदिन दोपहर 2.00 बजे से 5.00 बजे तक हो रहा है। कथा का वाचन आदरणीय विदुषी बेला पारीक दीदी, श्रीधाम वृंदावन से अपने मधुर वचनों के माध्यम से कर रही हैं। आज, 25 मार्च 2025 को कथा के छठे दिन भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी के विवाह प्रसंग का सुंदर वर्णन किया गया। इस अवसर पर श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह की भव्य झांकी भी प्रस्तुत की गई, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस पावन कथा के मुख्य यजमान भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र पारीक सपत्नीक रहे, जिन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक नीलम चौधरी और नगर परिषद के पूर्व सभापति सुमित रणवां सपत्नीक रहे। अतिथियों ने आदरणीय विदुषी बेला पारीक दीदी का गुलदस्ते भेंट कर अभिनंदन किया, जबकि कथा वाचिका द्वारा उन्हें दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

आयोजन समिति ने बताया कि कथा के पश्चात आरती और प्रसाद वितरण किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालु आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं। कथा के दौरान सुंदर-सुंदर झांकियां प्रस्तुत की जा रही हैं, जो भक्तों को धार्मिकता की ओर प्रेरित कर रही हैं। सर्व सिद्धि राधा कृष्ण मंदिर समिति ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस दिव्य आयोजन में सम्मिलित होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करें और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करें। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्व पार्षद मंजू सुनील ढाका, हनुमान वर्मा, राधेश्याम सोनी, मदन भाट, विकास शर्मा, हैरी वर्मा, शुभेन्द्र सिंह शैरी, कलवंत सिंह, सुरेंद्र शर्मा, ओम असोपा, राम कुक्कड़, प्रदीप अरोड़ा, विनोद भारद्वाज, मांगी लाल नाथ, बृजलाल मेघवाल, सोनू मेघवाल सहित अन्य वार्डवासी पूर्ण सहयोग प्रदान कर रहे हैं। आयोजकों ने विश्वास जताया है कि यह कथा नगरवासियों के लिए धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक उन्नति का माध्यम बनेगी।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।