हनुमानगढ़। भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में शनिवार को भाजपा नगरमंडल हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा दुर्गा मंदिर धर्मशाला में एक गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा हेतु जेल यातना झेलने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ता श्याम सुंदर बंसल का सम्मान किया गया। मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने आपातकाल के उस कठिन समय को याद करते हुए बताया कि किस प्रकार लोकतांत्रिक मूल्यों पर आघात हुआ था। उन्होंने कहा कि ऐसे विकट समय में श्याम सुंदर बंसल जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेल में रहते हुए संघर्ष किया। उनका साहस और त्याग आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। तंवर ने बंसल के संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका योगदान भाजपा के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा।
सम्मान समारोह के दौरान श्याम सुंदर बंसल का माल्यार्पण कर व अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया। बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि देशहित और लोकतंत्र की रक्षा के लिए किया गया संघर्ष उनका कर्तव्य था। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भी राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और संगठन को मजबूत करें।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्र उत्थान और संगठन निर्माण के लिए जीवन समर्पित करने वाले भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य व भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री सुंदर सिंह भंडारी जी की जयंती भी मनाई गई। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए हुए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।