हनुमानगढ़, 23 अप्रैल। चक 31 SSW में सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और खेतों तक सुचारु जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पक्के खाले के निर्माण कार्य की विधिवत शुरुआत की गई। SSW नहर चेयरमैन बूटा सिंह रंधावा ने धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अरदास कर नींव रखकर कार्य का शुभारंभ किया। इस परियोजना के अंतर्गत करीब 1 करोड़ 52 लाख रुपए की अनुमानित लागत से 41 मुरब्बा क्षेत्र में पक्का खाला बनाया जाएगा। सीएडी विभाग के कनिष्ठ अभियंता राजेश मीणा की तकनीकी रिपोर्ट के अनुसार यह खाला आधुनिक तकनीकों से निर्मित होगा, जिससे पानी की बर्बादी रुकेगी और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर गांव के सैकड़ों किसान और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से गगनदीप सिंह रंधावा, पप्पू सिंह मान, काला सिंह बराड़, गुरविंदर सिंह बराड़, तेजा सिंह भुल्लर, गोरखा सिंह रंधावा, रोविन सिंह रंधावा, सुरेन्द्र सिंह ग्रेवाल, गुरदीप सिंह ग्रेवाल, शंकर सहारण, वलजीत सिंह ग्रेवाल, लखविंदर सिंह बराड़, छिन्द्र सिंह ढिल्लों, पप्पा सिंह ढिल्लों, मंदर सिंह ग्रेवाल, देवा बावरी, राय साब गोदारा, बलवीर सिंह मान, कुलदीप सिंह ग्रेवाल, तथा ग्रंथी बाबा जसकरण सिंह एवं ठेकेदार बक्शाराम उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मौजूद सभी कास्तकारों ने इस पहल का स्वागत किया और चेयरमैन बूटा सिंह रंधावा का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस कार्य से चक की सिंचाई व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार आएगा। किसानों ने बताया कि पहले कच्चे खालों के कारण काफी मात्रा में पानी का नुकसान होता था, लेकिन अब पक्के खाले बनने से जल संरक्षण के साथ-साथ खेती की उत्पादकता भी बढ़ेगी। चेयरमैन बूटा सिंह रंधावा ने बताया कि चक 31 SSW के समस्त खालों का नई सिरे से निर्माण किया जाएगा, जिससे आने वाले वर्षों में पानी की समस्याओं से निजात मिलेगी और क्षेत्र में हरियाली और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा। यह विकासात्मक कार्य न केवल सिंचाई को सशक्त बनाएगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में कृषि आधारित जीवन को और अधिक स्थिर एवं समृद्ध करेगा।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।