हफ्ते के आखिरी कारोबार दिन आज यानी शुक्रवार, 25 अप्रैल को शेयर बाजार (Stock Market Down )में तेजी के बाद बड़ी गिरावट है। सेंसेक्स 1000 अंक (1.26%) गिरकर 78,750 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी करीब 350 अंक (1.44%) की गिरावट है, ये 23,900 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। शेयर बाजार में इस गिरावट की वजह से बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों का मार्केट कैप करीब 11 लाख करोड़ रुपए कम होकर 4,18,89,473.57 करोड़ रुपए रह गया।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में गिरावट है। । एक्सिस बैंक, अडाणी पोर्ट्स और बजाज फाइनेंस में 4.50% तक की गिरावट है। NTPC, पावर ग्रिड और जोमैटो के शेयर 3% नीचे हैं। TCS, इंफोसिस और ICICI बैंक में मामूली तेजी है।
निफ्टी के 50 में से 48 शेयरों में गिरावट है। NSE के मीडिया सेक्टर में 3.46%, सरकारी बैंकिंग में 2.96%, फार्मा में 2.55%, मेटल में 2.44% और ऑटो में 2.00% की गिरावट है। IT शेयरों में मामूली तेजी है। लगातार 7 दिन तेजी के बाद कल यानी गुरुवार, 24 अप्रैल को शेयर बाजार में गिरावट रही। सेंसेक्स 315 अंक गिरकर 79,801 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में 82 अंक की गिरावट रही, ये 24,247 के स्तर पर बंद हुआ।
बाजार में गिरावट के दो बड़े कारण
1. लगातार तेजी के बाद मुनाफावसूली
कल यानी 24 अप्रैल से पहले बाजार लगातार सात दिनों में 6269 अंक (8.50%) चढ़ा। इस तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी है। यह विशेष रूप से बैंकिंग जैसे सेक्टर्स में ज्यादा बिकवाली के चलते हो सकता है। बैंकिंग सेक्टर ने हाल में मजबूत प्रदर्शन किया है।
2. पहलगाम हमले से भारत-पाकिस्तान के बीच टेंशन
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल समझौता सस्पेंड कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने भी लगभग सभी द्विपक्षीय समझौते स्थगित करने का ऐलान किया और कहा कि भारत ने सिंधु जल रोका तो यह एक्ट ऑफ वॉर होगा। दोनों देशों के बीच इस टेंशन के चलते निवेशक सावधान हो गए हैं, जिससे बाजार में बिकवाली तेज हो गई है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।