भाजपा स्थापना दिवस हनुमानगढ़ जंक्शन पर उत्साहपूर्वक मनाया गया, कार्यकर्ताओं ने लगाए जयकारे

42

हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा भाजपा का स्थापना दिवस बड़े ही धूमधाम और जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंडल के बूथ संख्या 112, मुख्य बाजार हनुमानगढ़ जंक्शन में अध्यक्ष प्रकाश तंवर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर भाजपा का ध्वज लगाकर पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा का प्रदर्शन किया। ‘भाजपा जिंदाबाद’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं का सम्मान करने वाली पार्टी है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का इतिहास गौरवशाली है और यह पार्टी देश में ऐतिहासिक परिवर्तन लाने का कार्य कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं का समर्पण ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और आज पार्टी का कार्यकर्ता देश के सर्वोच्च पद प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व कर रहा है। प्रकाश तंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने का मजबूत और साहसिक निर्णय केवल भाजपा की नीति और राष्ट्रहित में अडिग संकल्प के कारण ही संभव हो पाया। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं है, बल्कि राष्ट्र को सशक्त बनाना और हर नागरिक तक विकास की रोशनी पहुँचाना है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर के साथ मोहन चंगोई, नरेश पुरोहित, पुरुषोत्तम सोनी, विजय बिस्सा, राजकुमार चौधरी, गजानंद शर्मा, सोनू, दीपू सिंधी, राजेश सिंधी, विजय गर्ग, हेमंत शर्मा, अरविंद तंवर और प्रतीक कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर स्थापना दिवस को सफल बनाया और पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। स्थानीय नागरिकों ने भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।