जुर्म के आरोपों की चादर में लिपटी है बाबा गुरमीत राम रहीम की पूरी कहानी

0
1518

पंजाब: सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के खिलाफ चल रहे दुष्कर्म मामले में 25 अगस्त को कोर्ट का फैसला आना है। मामले की संवेनशीलता को देखते हुए हरियाणा सरकार ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। 10 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को अलग से पंचकूला में तैनात किया गया है। इनके अलावा 2500 पुलिसकर्मी, अर्ध सैनिक बल तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों को पंचकुला के चप्पे-चप्पे पर लगाया गया है।

अर्ध सैनिक बलों की 8 कंपनियां हरियाणा आ चुकी हैं तथा केंद्र सरकार से और अधिक कंपनियों की मांग की गई है। सुरक्षा एजेंसियों से मिली जानकारी के मुताबिक डेरा प्रमुख खुद ही कोर्ट में पेश होंगे। वहीं 25 अगस्त तक हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के सभी सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। सभी राजकीय समारोह और खेल मुकाबलों को भी रद्द कर दिया गया है। सुरभा के मद्देनजर ये फैसला लिया गया है।

सिरसा के पत्रकार की हत्या का आरोप

मैसेंजर ऑफ गॉड जैसी फिल्म में अभिनय कर चुके गुरुमीत राम रहीम सिंह पर सिरसा के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या का भी आरोप है। पत्रकार रामचंद्र सिरसा में स्थानीय अखबार ‘पूरा सच’ निकालते थे। उसमें उन्होंने डेरा सच्चा सौदा से जुड़ी खबरें प्रकाशित करना शुरू किया था। उसमें साध्वी यौन शोषण और रणजीत सिंह हत्याकांड का खुलासा किया था।

रणजीत सिंह हत्याकांड में भी आया नाम

24 अक्टूबर 2002 को पत्रकार रामचंद्र छत्रपति को गोली मार दी गई। इस मामले की जांच भी सीबीआई को सौंपी गई। यह मामला अभी विचाराधीन है। इसी तरह डेरा की प्रबंधन समिति के सदस्य रणजीत सिंह की 10 जुलाई 2003 को हत्या कर दी गई। यह मामला भी कोर्ट में विचाराधीन है। डेरा के ही राम कुमार बिश्नोई की गुमशुदगी का भी बाबा पर आरोप है।

सिखों के विरोध का करना पड़ा सामना

साल 2007 में डेरा प्रमुख ने गुरु गोबिंद सिंह जैसी वेशभूषा में फोटो खिंचवाने की वजह से विवादों में घिर गए थे। इसके विरोध में पंजाब के बठिंडा में डेरा प्रमुख का पुतला फूंका गया था। राजेंद्र सिंह सिद्धू की याचिका पर डेरा प्रमुख के खिलाफ कोर्ट ने गैरजमानती वारंट भी जारी कर दिया था। जगह-जगह हिंसक प्रदर्शन हुए थे। इस मामले में डेरा प्रमुख बरी हो गए।

साधुओं को नपुंसक बनाने का आरोप

डेरा सच्चा सौदा में साधु रहे हंसराज चौहान ने 17 जुलाई 2012 को हाईकोर्ट में याचिका दायर कर डेरा प्रमुख पर 400 साधुओं को नपुंसक बनाए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि डेरा प्रमुख के इशारे पर डेरा अस्पताल के डॉक्टरों की टीम साधुओं को नपुंसक बनाती हैं। भगवान के दर्शन होने की बात कही जाती है। उन्होंने 166 साधुओं का नाम भी बताया था।

जानिए डेरे से जुड़े प्रमुख विवाद

1998: डेरा की जीप तले एक बच्चा कुचला गया। गांववालों के साथ डेरे का विवाद हुआ। खबर छापने पर मीडियाकर्मियों को धमकाया गया। बाद में माफीनामे के साथ विवाद खत्म हो गया।

2002: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगाते हुए डेरे की एक साध्वी ने गुमनाम पत्र प्रधानमंत्री को भेजा।

10 जुलाई, 2002: डेरा सच्चा सौदा की प्रबंधन समिति के सदस्य रहे कुरुक्षेत्र के रणजीत सिंह की हत्या।

2003: रणजीत सिंह के पिता ने जनवरी 2003 में हाईकोर्ट में याचिका दायर कर सीबीआइ जांच की मांग की थी।

24 सितंबर 2002: हाईकोर्ट ने साध्वी यौन शोषण मामले में गुमनाम पत्र का संज्ञान लेते हुए डेरा सच्चा सौदा की सीबीआइ जांच के आदेश दिए।

24 अक्तूबर 2002: सिरसा के सांध्य दैनिक ‘पूरा सच’ के संपादक रामचन्द्र छत्रपति को गोली मारी गई।

16 नवंबर, 2002: सिरसा में मीडिया की महापंचायत बुलाई गई और डेरा सच्चा सौदा का बहिष्कार करने का प्रण लिया।

जनवरी 2003: पत्रकार छत्रपति के बेटे अंशुल ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर सीबीआई जांच करवाने की मांग की।

10 नवंबर, 2003: सीबीआइ को एफआईआर दर्ज कर जांच के आदेश जारी किए।

दिसंबर 2003: सीबीआई ने जांच शुरू कर दी. डेरा के लोगों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर जांच पर रोक लगाने की मांग की। सुप्रीम कोर्ट ने स्टे कर दिया।

नवंबर, 2004: दूसरे पक्ष की सुनवाई के बाद सुप्रीम कोर्ट ने डेरा की याचिका खारिज कर दी। सीबीआई ने डेरा प्रमुख सहित कई अन्य लोगों को आरोपी बनाया।

मई, 2007: डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह ने गुरु गोबिंद सिंह जैसी वेशभूषा धारण कर फोटो खिंचवाए और उन्हें अखबारों में छपवाया।

31 जुलाई, 2007: सीबीआई ने हत्या मामलों और साध्वी यौन शोषण मामले में जांच पूरी कर चार्जशीट दाखिल कर दिया। सीबीआई ने तीनों मामलों में डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह को मुख्य आरोपी बनाया। तीनों मामले पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में विचाराधीन हैं।

राम रहीम का अरबों में फैला है कारोबार

राम रहीम के पास सिरसा में करीब 700 एकड़ की खेती की जमीन है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 175 बिस्तरों वाला एक अस्पताल भी है। इसके अलावा राम रहीम एक गैस स्टेशन और एक मार्केट कॉम्प्लेक्स भी चलाते हैं। बाबा राम रहीम के डेरा सच्चा सौदा की शाखाएं देश भर में फैली हुई हैं। डेरा सच्चा सौदा की जमीन और जायदाद का रख-रखाव एक ट्रस्ट के जरिए किया जाता है जिसके मुखिया गुरमीत राम रहीम है।

दो बेटियों और एक बेटे के पिता

डेरा प्रमुख की दो बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी का चरणप्रीत और छोटी का नाम अमरप्रीत है। इनके अलावा राम रहीम ने एक बेटी को गोद ले रखा है। गुरमीत राम रहीम के बेटे की शादी भठिंडा के पूर्व विधायक हरमिंदर सिंह जस्सी की बेटी से शादी हुई है। इनके सभी बच्चों की पढ़ाई डेरे की ओर से चल रहे स्कूल में हुई है। राम रहीम के दोनों दामाद के नाम रूहेमीत और डॉ शम्मेमीत हैं।

डेरा के देश भर में हैं कई आश्रम

डेरा सच्चा सौदा के देश भर में 50 आश्रम हैं। इनमें सबसे बड़ा आश्रम हरियाणा के सिरसा जिले में पिछले 67 साल से चल रहा है। डेरा के आश्रम अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन से लेकर ऑस्ट्रेलिया और यूएई तक में हैं। दुनिया भर में डेरे के लगभग पांच करोड़ अनुयायी हैं जिनमें से हरियाणा में ही अकेले 25 लाख के करीब अनुयायी हैं।

ये भी पढ़ें:

रूचि के अनुसार खबरें पढ़ने के लिए यहां किल्क कीजिए

(खबर कैसी लगी बताएं जरूर। आप हमें फेसबुकट्विटर और यूट्यूब पर फॉलो भी कर सकते हैं)