हनुमानगढ़। रामनवमी के पावन अवसर पर बुधवार को हनुमानगढ़ में विहिप (विश्व हिंदू परिषद) और बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सर्वधर्म यात्रा का आयोजन किया गया। यह ऐतिहासिक रैली जंक्शन जिला कलेक्टरेट के सामने से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ रवाना हुई। इस अवसर पर पूरे शहर में अपार उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मिलकर इसे दीपावली और होली का संगम बना दिया। रैली की शुरुआत से पूर्व जिला कलेक्टरेट के सामने एक विशाल सभा का आयोजन हुआ, जिसमें प्रांत सहसंयोजक आशीष पारीक, जिलाध्यक्ष निशांत बत्तरा, संत राघवानंद जी महाराज और विभिन्न संत-महंतों सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों और उनकी लोककल्याणकारी भावना को याद करते हुए कहा कि श्रीराम हमारे जीवन का आधार हैं और हमारी एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, धैर्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। सभा को संबोधित करते हुए विहिप प्रांत संयोजक आशीष पारीक ने कहा, “भगवान श्रीराम के प्रति हमारी आस्था ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है, जो कठिन से कठिन परिस्थितियों को भी आसान बना देती है।” सभा के पश्चात भगवान श्रीराम दरबार की झांकी का पूजन कर रैली को शुभारंभ किया गया।
जैसे ही झांकी के दर्शन हेतु पट खोले गए, जय श्रीराम के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। रैली में सबसे आगे युवाओं का जोशीला समूह डीजे की धुन पर नाचता हुआ भगवा ध्वज लहराते हुए चल रहा था। युवाओं के इस उत्साह ने रैली में नया जोश भर दिया। उनके पीछे-पीछे बुलेट बाइक सवार युवाओं का दल भी पूरे जोश के साथ जयघोष करता हुआ चल रहा था। रैली में जय श्रीराम के नारों से रैली की भव्यता में चार चांद लगा दिए। रैली में शामिल गाड़ियों का काफिला भी कम नहीं था। कारें, जीपें, और सजे-धजे ट्रैक्टर-ट्रॉलियाँ भी रैली का हिस्सा बनीं। हर वाहन को भगवा पताकाओं और फूलों से सजाया गया था। महिलाओं और बच्चों की भी सहभागिता देखते ही बन रही थी। अनेक महिलाएँ पारंपरिक वेशभूषा में भगवान श्रीराम के भजन गाती हुई रैली में शामिल हुईं। बच्चे हाथों में छोटे-छोटे भगवा ध्वज लेकर उत्साह से लहराते नजर आए। रैली के मार्ग में जगह-जगह भव्य स्वागत की व्यवस्थाएँ की गई थीं। कहीं क्रेन के माध्यम से पुष्पवर्षा हो रही थी, तो कहीं ड्रोन के जरिये गुलाब की पंखुड़ियाँ बरसाई जा रही थीं। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह रैली का स्वागत रंगों की वर्षा, पटाखों की गूंज, और ढोल-नगाड़ों की थाप पर किया। बाजारों में व्यापारियों ने दुकानों के सामने मंच सजाकर रैली का स्वागत किया। प्रमुख मार्गों पर तो मानो दीपावली और होली एक साथ मनाई जा रही थी। रंग-बिरंगे गुलाल उड़ते नजर आ रहे थे, तो सड़कों पर रंग तो पटाखे उत्साह बना रहे थे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।