राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विचार गोष्ठी का आयोजन

0
25

हनुमानगढ़। महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति हनुमानगढ़ द्वारा जंक्शन के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डबरवाला में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी के मुख्य वक्ता विद्यालय प्रधानाचार्य सीताराम वर्मा थे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान दलित एवं अति पिछड़ा वर्ग के प्रदेश महासचिव देवीलाल वर्मा, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ लोक अभियोजक एडवोकेट दिनेश दाधीच, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं पार्षद मनोज बड़सीवाल,  कुम्हार समाज के जिला अध्यक्ष रामनिवास किरोड़ीवाल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक तरुण विजय ने की।

कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता प्रधानाचार्य सीताराम वर्मा ने कहा कि गांधी जी ऐसे व्यक्ति हैं जिनके विचारों की प्रासंगिकता गुजरते समय के साथ और भी प्रासंगिक हो रही है। आज पूरी दुनिया को उनके दिखाए रास्ते पर चलने की जरूरत महसूस हो रही है। अलग-अलग मुद्दों से जूझते हुए विश्व को गांधी विचारों में ही समाधान मिलता प्रतीत हो रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोग अभियोजक दिनेश दाधीच ने कहा कि शिक्षा समाज को दिशा प्रदान करती है। शिक्षा के द्वारा ही मनुष्य के अंधकारपूर्ण जीवन में रोशनी उत्पन्न होती है। वर्तमान में नशे की बुरी लत के कारण युवा गर्त में घसते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही प्रबुद्ध समाज का निर्माण कर सकता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यक्रम अध्यक्ष एवं महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक तरुण विजय ने कहा कि गांधी जी कहते थे कि स्वदेशी के जरिए ही भारत आत्मनिर्भर और मजबूत देश बन पाएगा। यहां गांधी जी के कथन पर गौर करना आवश्यक है- ‘‘स्वदेशी की भावना का अर्थ है हमारी वह भावना जो हमें दूर को छोड़कर अपने समीपवर्ती प्रदेश का ही उपयोग और सेवा करना सिखाती है…।

गांधी विचारक, चिंतक, अर्थशास्त्री के साथ ही मानवता के प्रकाश-स्तम्भ, युगात्मा, युगदृष्टा और प्रेरणा स्रोत हैं। उनके विचार देश-काल में सीमित न होकर सीमाओं से परे है। आज उदारीकरण के प्रभाव से दुनिया के सभी देशों की अर्थव्यवस्था एक दूसरे से जुड़ी हुई है। इस तरह के माहौल में अपने देश के हितों की रक्षा गांधीवादी मूल्यों से ही सम्भव है। ग्लोबल विलेज और अधिकाधिक लाभ कमाने की संस्कृति में गांधी के अपरिग्रह का पालन उत्तम है। साम्प्रदायिकता कट्टरता और आतंकवाद के दौर में गांधी का धार्मिक सदभाव महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पर्यावरण के मुद्दे पर गांधी सजग नजर आते हैं, उनका मानना है कि अंधाधुंध शहरीकरण हमारे वातावरण को दूषित कर रहा है। वह कुशल और आत्मनिर्भर गांवों की स्थापना की बात करते हैं। वे स्वदेशी को प्राथमिकता देते थे, उनका मानना था कि स्वदेशी से हमारा देश आत्मनिर्भर बन सकता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं पार्षद मनोज बड़सीवाल ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व्यक्ति नहीं एक विचारधारा है। गांधी हर युग के लिए मार्गदर्शक हैं। विश्व में शांति गांधी के मार्ग पर चलकर ही स्थापित की जा सकती है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्थान दलित एवं माटी पिछड़ा वर्ग के प्रदेश महासचिव देवीलाल वर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिसा, विनम्रता, अभय, स्वच्छता और मन की शुद्धता को ही अध्यात्म माना। उन्होंने न सिर्फ अपने जीवन में इनका उपयोग किया, अपितु इन्हें अपने जीवन-दर्शन का सार भी बनाया।  कुम्हार समाज के जिलाध्यक्ष रामनिवास किरोड़ीवाल ने कहा कि जीवनोपयोगी व्यावहारिक दर्शन आज भी उतना ही प्रासंगिक है और नि:संदेह आगे भी रहेगा।

रामस्वरूप भाटी ने कहा कि शास्त्री ने किसानों के हित में कार्य किया और उन्हें प्रगति के पथ पर लाने में सभी प्रकार की योजना लाई तथा उन्हें सुख शांति में सहयोग किया और करने के लिए प्रेरित किया। हमें गांधी और शास्त्री के पदचिह्नों पर चलते हुए देश के प्रति सेवाभाव में समर्पित होकर कार्य करने की प्रतिज्ञा लेनी चाहिए। इस मौके पर रामस्वरूप भाटी द्वारका राम सुखदेव सिंह फुलेल सिंह भूरा सिंह अर्जुन यादव दरिया सिंह चम्पा लाल रामकुमार सेतिया महेंद्र पुनिया फूलेल सिंह राजेंद्र बड़सीवाल सोनू सेतिया शिवराज सिंह मान गगन गिल शिव कुमार कृष्ण देवरथ करन नायक महेश वर्मा रोशन सिंह डॉक्टर अशोक कुमार आदि उपस्थित रहे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।