भव्य श्याम शोभायात्रा निकली, पूरे नगर में गूंजे जय श्री श्याम के जयकारे

34

हनुमानगढ़। श्री खाटू श्याम सेवा समिति, गांधीनगर द्वारा आयोजित ‘एक शाम सेठ सांवरे के नाम’ श्री श्याम वंदना महोत्सव के तहत आज झूलेलाल मंदिर से भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण इस शोभायात्रा ने पूरे नगर को श्याममय बना दिया।  शोभायात्रा की शुरुआत झूलेलाल मंदिर प्रांगण से हुई, जहाँ श्याम भक्तों की भारी भीड़ एकत्रित थी। हाथों में ध्वज, सिर पर पगड़ी और जय श्री श्याम के जयकारों के साथ जब श्रद्धालुओं ने मंदिर से कूच किया, तो पूरा वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, शंखनाद और भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया।
शोभायात्रा गांधीनगर के प्रमुख गलियों से होती हुई कार्यक्रम स्थल तक पहुंची। इस दौरान भव्य झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। खाटू श्याम और अन्य देवी-देवताओं की झांकियों ने शोभायात्रा को अलौकिक रूप दिया। रथों पर सजे स्वरूपों के दर्शन करते हुए श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर नगरवासियों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।  श्रद्धालुओं की टोलियों ने डीजे व ढोल की थाप पर नृत्य करते हुए माहौल को और भी जीवंत बना दिया। महिलाएं मंगल गीत गाती चल रही थीं। शोभायात्रा में शामिल हर व्यक्ति की आंखों में भक्ति की चमक और चेहरे पर शांति की झलक स्पष्ट दिखाई दी। श्री खाटू श्याम सेवा समिति के पदाधिकारियों ने शोभायात्रा की व्यवस्था को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन को सफल बनाने में संजय गुरवाणी, मोहित अठवाल, गौरव कृपलानी, महादेव कृपलानी, सुरेश चेलवानी, मनोज चोथवानी, इंदर सेठी का विशेष सहयोग रहा।
समिति सदस्यों ने शहरवासियों ने अपील की है कि 19 अप्रैल को होने वाले मुख्य आयोजन जागरण में सपरिवार भाग लेकर श्याम बाबा की कृपा प्राप्त करें।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।